कांग्रेस ने किया नगर पालिका का घेराव, मांग पूरी न होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

मनेंद्रगढ़। नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में व्याप्त भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितताओं एवं कर्मचारियों के वेतन भुगतान में हो रही गंभीर लापरवाही के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के नेतृत्व में बुधवार को नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ का घेराव किया गया। घेराव कार्यक्रम की शुरुआत राजीव गांधी चौक में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई, इसके पश्चात कांग्रेसजनों ने पैदल रैली निकालते हुए नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुँचकर जोरदार घेराव किया और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार तथा नगर पालिका परिषद में बैठे भाजपा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष सहित सीएमओ को कठघरे में खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा शासन में नगर पालिका परिषद नियमों को ताक पर रखकर चलाई जा रही है, जिससे जनहित बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में पार्षद निधि, अधोसंरचना निधि एवं 15वें वित्त आयोग की राशि का खुलेआम दुरुपयोग किया गया है। यह सीधे-सीधे जनता के पैसे की लूट है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि नगर पालिका परिषद में सामान्य सभा की कार्यवाही में हेराफेरी, प्रस्तावों को बदलकर छलपूर्वक पारित करना और कर्मचारियों को समय पर वेतन न देना भाजपा की जनविरोधी सोच को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष पति का अवैधानिक हस्तक्षेप नगर पालिका को निजी जागीर की तरह चलाने का प्रयास है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि नगर पालिका परिषद में पारदर्शिता पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। उपस्थिति पंजी एवं प्रस्ताव पंजी को पृथक रूप से संधारित न करना नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी ने कहा कि सामान्य सभा में रखे गए प्रस्तावों को बदलकर अन्य प्रस्ताव पारित करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मज़ाक है। इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्यवाही होनी चाहिए। वरिष्ठ पार्षद अजय जायसवाल ने कहा कि नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस पार्षदों के साथ भेदभाव पूर्वक कार्य किया जा रहा है जो कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा इसका मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा हम जनता के हक एवं अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। अंत में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जाँच कर दोषी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की माँग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरव मिश्रा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ ग्रामीण रामनरेश पटेल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, पूर्व उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजेश शर्मा, नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति, पार्षद अजय जायसवाल, मो शाहिद, कृतिका रवि जैन, मुकेश अग्रवाल, गिरधर जायसवाल, स्वप्निल सिन्हा सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।



