कलेक्टर ने किया नवागांव, कोडगार एवं आमाडांड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण।
अनुपस्थित कर्मचारियों को दिये कारण बताओ नोटिस।

रविशंकर कैवर्त रिपोर्टर मरवाही। कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नवागांव, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोडगार एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आमाडांड़ का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों में साफ-सफाई तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ ही उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया। कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नवागांव में प्रसव उपरांत भर्ती जच्चा-बच्चा से मिलकर उनका हाल चाल पूछा और स्वास्थ्य केन्द्र में मिल रहे स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने नवजात शिशुओं को शगुन के तौर पर राशि भी भेंट किए। कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोडगार और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आमाडांड़ में डॉक्टरों एवं स्टाफ की उपस्थिति पंजी का अवलोकन किया।
आकस्मिक निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र कोडगार में स्वास्थ्य अमला अनुपस्थित पाये गये। स्वास्थ्य अमला द्वारा उनके कार्य के प्रति लापरवाही प्रदर्शित होने पर कलेक्टर के निर्देशानुसार खण्ड चिकित्सा अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पेण्ड्रा ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक दिवस के भीतर उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने को कहा है। अनुपस्थित पाए गए स्वास्थ्य अमले में चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिलीप सिंह पैकरा, ग्रामीण चिकित्सा सहायक आरती ताम्रकार, नर्सिंग ऑफिसर नीता ध्रुव एवं अन्सली मिंज, फार्मासिस्ट आशीष प्रताप पैकरा, एमएलटी अजय साहू एवं जेएसए विजयपाल सिंह पैकरा शामिल हैं।


