मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर

मनेंद्रगढ़ में होली को लेकर शांति समिति की हुई बैठक, असामाजिक तत्वों को रोकने शहर में पांच पेट्रोलिंग टीम रहेगी तैनात

मनेंद्रगढ़। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित सिटी कोतवाली में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम लिंगराज सिदार ने की, जिसमें प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। थाना प्रभारी दिपेश शैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पांच पेट्रोलिंग टीमों को तैनात कर दिया गया है। प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाएं तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई है। बैठक में नपाध्यक्ष प्रतिमा यादव, नपा उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, पूर्व नपाध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, एसडीएम लिंगराज सिदार, तहसीलदार विनित सिंह, थाना प्रभारी दिपेश शैनी तथा समस्त वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button