छ.ग. में सबसे पहले मनेन्द्रगढ़ में भूमिगत गैस पाइप लाईन का शुभारंभ

मनेन्द्रगढ़। भारत पेट्रोलियम द्वारा केंद्र सरकार की योजना के तहत भूमिगत गैस पाइप लाईन का कार्य किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के 5 जिलों का चयन किया गया है जिनमें सर्वप्रथम मनेन्द्रगढ़ में भारत पेट्रोलियम द्वारा भूमिगत गैस पाइप लाईन का उदघाटन मंगलवार 3 दिसम्बर को नगर की प्रथम महिला एवं मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका की अध्यक्षा श्रीमती प्रभा पटेल के मुख्य आतिथ्य में किया गया। यह पाइप लाईन मध्यप्रदेश के शहडोल जिले से होते हुये अनुपपूर के कोतमा तक पहुंच चुकी है और अब मध्यप्रदेश से लगे छ.ग. के एमसीबी जिले के मनेन्द्रगढ़ में पहुंच चुकी है। जहां से बैकुण्ठपुर, सूरजपुर होते हुये सरगुजा संभाग के 5 जिलों से होकर गुजरेगी। जिसके तहत विगत तीन महीनों से घर घर कनेक्शन देने का कार्य किया जा रहा है।

मंगलवार को भारत पेट्रोलियम के अधिकारी क्षेत्रीय प्रबंधक विनय कुमार के नेतृत्व में विवेकानंद महाविद्यालय के सामने भूमिगत गैस पाइप लाईन (पाइप्ड नेचुरल गैस) का शुभारंभ किया गया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पटेल ने अपने उदबोधन में केंद्र सरकार की इस योजना की तारीफ करते हुए कहा कि इस योजना के प्रारंभ होने से महिलाओं को अब गैस रिफलिंग के लिए चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, न ही अब गैस खत्म होने की चिंता रहेगी। चौबीसो घंटे गैस की उपलब्धता बनीं रहेगी। जिससे उनकी सुरक्षा की दृष्टि से सुलभ और सस्ती गैस मनेन्द्रगढ़ के वासियों को मिलती रहेगी। इसके लिए उन्होंने भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी धन्यवाद दिया। इस दौरान भारत पेट्रोलियम के विनय कुमार क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक मैनेजर रजत शर्मा, आरसीएम चेतन शर्मा, अनिल कुमार पासवान इंजीनियर सहित नगरपालिका के श्यामसुंदर पोददार, नागेंद्र जायसवाल, शिवनारायण यादव, गोपाल गुप्ता, मो. इमरान, अनिल केरकेटटा सहित गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।



