मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर

रणजी कैंप में अमित यादव का हुआ चयन,कोरिया क्रिकेट संघ ने किया सम्मान

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में सोमवार को कोरिया क्रिकेट संघ की ओर से रणजी कैंप में चयनित खिलाड़ी अमित यादव का सम्मान किया गया। हाईस्कूल ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने उनका उत्साह बढ़ाया रणजी कैंप में चयनित खिलाड़ी अमित यादव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि रणजी तक पहुंचना चुनौती भरा रहा, लेकिन मेहनत और निरंतर अभ्यास से सफलता मिलती है। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि अंडर-19 टूर्नामेंट को हल्के में न लें, क्योंकि यह सबसे बड़ा अवसर होता है और यहीं से आत्मविश्वास और करियर की दिशा तय होती है। कोरिया क्रिकेट संघ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रैना ने कहा कि जिले से जो भी खिलाड़ी प्रदेश स्तर या राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करेगा, संघ हमेशा उनका सम्मान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि मनेंद्रगढ़ में क्रिकेट के लिए अभी कोई बड़ा ग्राउंड नहीं है, खिलाड़ी मुश्किल से नेट प्रैक्टिस कर पाते हैं। अगर यहां मैदान की सुविधा मिल जाए तो प्रतिभाओं की कमी नहीं है, और कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकते हैं। मनेंद्रगढ़ के युवा क्रिकेटर अमित यादव ने रणजी कैंप में सलेक्शन पाकर जिले का नाम रोशन किया है। स्थानीय खिलाड़ियों का मानना है कि अगर खेल सुविधाएं बेहतर हों, तो यहां की प्रतिभा और भी ऊंचाइयों तक पहुंच सकती है।

Related Articles

Back to top button