कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम, जिला स्तर पर संगठन पुनर्गठन की प्रक्रिया प्रारंभ

मनेंद्रगढ़। कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “संगठन सृजन कार्यक्रम” के अंतर्गत जिले में संगठन पुनर्गठन की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस कार्यक्रम के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकगण जिले में सक्रिय रूप से बैठकों और संवादों के माध्यम से संगठन की वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन कर रहे हैं। कार्यक्रम के प्रभारी पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, तथा अशोक आहूजा ने गुरुवार को जिले में आयोजित बैठकों में भाग लेकर वरिष्ठ कांग्रेसजनों, जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों, एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल तथा अन्य सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। बैठकों के दौरान संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, बूथ स्तर पर संरचना सुदृढ़ करने और भविष्य की संगठनात्मक दिशा पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी कार्यकर्ताओं ने अपने विचार और सुझाव रखे, जिन्हें कार्यक्रम प्रभारीगणों ने संकलित किया। प्रभारीगण अपने अवलोकन और चर्चा के आधार पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के चयन सहित संगठन सृजन से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को प्रेषित करेंगे। इस अवसर पर सुबोध कांत सहाय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, और संगठन सृजन का उद्देश्य प्रत्येक कार्यकर्ता को निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाना है, ताकि पार्टी की जड़ें और अधिक मजबूत हों और जमीन से जुड़े व्यक्ति को जिला अध्यक्ष बनाया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सभी कांग्रेसजनों से अपील की गई कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और संगठन को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।



