मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 2047 तक पूर्ण विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प दोहराया

मनेन्द्रगढ़। जिले में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 का रजत जयंती समापन अद्भुत उत्साह, सांस्कृतिक भव्यता और जनभागीदारी के साथ सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन स्थल में लोककला, परंपरा, विकास और गौरव का जीवंत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल उपस्थित रहे। इनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, जनपद अध्यक्ष, नगर निकाय प्रमुख एवं जिले के अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर राज्य गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण के रूप में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को विशेष रूप से बढ़ाया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि रजत जयंती केवल उत्सव नहीं, यह छत्तीसगढ़ की विकास-गाथा और जनता के परिश्रम का उत्सव है। हमारा लक्ष्य 2047 तक छत्तीसगढ़ को पूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर राज्य के रूप में स्थापित करना है। मंत्री श्री जायसवाल ने आगे कहा कि सरकार आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को हर नागरिक तक पहुँचा रही है। उन्होंने जिले में शीघ्र ही स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने की भी घोषणा की। विभागीय प्रदर्शनी और योजनाओं का लाभ वितरण राज्योत्सव स्थल पर लगाए गए 20 से अधिक विभागीय स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने। शासन की योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभ भी वितरण किए गए। श्रमिक पंजीयन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मोटराइज्ड साइकिल, व्हीलचेयर, वनाधिकार पट्टा, स्वच्छता किट, आइस बॉक्स और मछली पकड़ने के जाल जैसी सुविधाएँ लाभार्थियों को प्रदान की गईं। विधायक रेणुका सिंह और मंत्री जायसवाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर लाभार्थियों से संवाद भी किया।समारोह में भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ की 25 वर्ष की विकास यात्रा को जनशक्ति, मातृत्व शक्ति और युवाशक्ति की उपलब्धि बताया।



