मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर

मनेंद्रगढ़ पुलिस ने नेत्र शिविर का किया आयोजन

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ द्वारा एक विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत खेड़िया तिराहे पर निःशुल्क आई टेस्ट (नेत्र परीक्षण) शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी आंखों की जांच कराई। नेत्र परीक्षण शिविर में युवाओं, बुजुर्गों एवं वाहन चालकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई लोगों ने पहली बार अपनी आंखों की जांच करवाई और चिकित्सकीय परामर्श भी प्राप्त किया। इस अवसर पर 70 से ज्यादा लोगो का नेत्र परीक्षण किया गया वही शिविर के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित वाहन चलाने के लिए आंखों की सही रोशनी होना अत्यंत आवश्यक है।अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस ने खेड़िया तिराहे से गुजरने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को रोककर यातायात नियमों की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने और शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी। साथ ही बिना लाइसेंस, बिना बीमा और बिना दस्तावेज वाहन चलाने वालों को नियमों के प्रति जागरूक किया गया।

सिटी कोतवाली प्रभारी दीपेश सैनी ने कहा

सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस प्रकार के जागरूकता शिविरों में भाग लें, अपनी आंखों का नियमित रूप से निःशुल्क परीक्षण कराएं और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। कोतवाली प्रभारी दीपेश सैनी ने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए यातायात नियमों का पालन कर ही सुरक्षित जीवन संभव है। यातायात जागरूकता अभियान को लेकर स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Related Articles

Back to top button