मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर

अलास्का कंप्यूटर सेंटर में हुआ भव्य वार्षिक खेल उत्सव का सफल आयोजन

मनेंद्रगढ़। अलास्का कंप्यूटर सेंटर, मनेंद्रगढ़ द्वारा विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी दो दिवसीय वार्षिक खेल उत्सव का आयोजन 14 एवं 15 नवंबर 2025 को सर्कस ग्राउंड, मनेंद्रगढ़ में अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में विद्यार्थियों ने क्रिकेट, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, 100 मीटर रिले रेस, राउंड एंड रिवर्स सहित कई खेल प्रतिस्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। उद्घाटन अवसर पर संस्था के संचालक मो. फिरोज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का आवश्यक अंग है, जो न केवल शरीर को फुर्तिला बनाता है, वरन हड्डियों को मजबूत करने, रक्त संचार को संतुलित रखने तथा मानसिक एकाग्रता बढ़ाने में भी सहायक है। अतः विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ नियमित खेल गतिविधियों को भी अपनाना चाहिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इमरान खान, पार्षद वार्ड क्रमांक 05, मनेंद्रगढ़ ने अपने संबोधन में कहा कि खेल हमें अनुशासन, टीमवर्क और धैर्य का पाठ पढ़ाते हैं। हार-जीत खेल का स्वाभाविक हिस्सा है; हार कभी निराशा नहीं, बल्कि और बेहतर करने का अवसर देती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

पहले दिन आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में संस्था की चार टीमों ने भाग लिया, जिसमें ‘द डिफेंडर’ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की। दूसरे दिन की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न क्षेत्रीय फूड स्टॉलों (छत्तीसगढ़ी, मराठी, पंजाबी, बिहारी, साउथ इंडियन आदि) के अवलोकन से हुई। विद्यार्थी पारंपरिक वेशभूषा में उपस्थित थे, जिसने कार्यक्रम में सांस्कृतिक विविधता का विशेष रंग भरा। संचालक मो. फिरोज, संचालिका रूहीन मंसूरी और शिक्षकगण ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की। इसके पश्चात मुख्य अतिथि इमरान खान ने कबड्डी प्रतियोगिता का टॉस कर दूसरे दिन के खेलों की औपचारिक शुरुआत की। दिनभर चली प्रतियोगिताओं में शानदार मुकाबले देखने को मिले। परिणाम इस प्रकार रहे— कबड्डी (बॉयज) में हमर कबड्डी, कबड्डी (गर्ल्स) में देशी क्वीन, खो-खो (बॉयज) में द ड्राइवर्स, खो-खो (गर्ल्स) में डेयरिंग गर्ल्स, 100 मीटर रिले रेस (बॉयज) में महीप सिंह, 100 मीटर रिले रेस (गर्ल्स) में नंदिनी, राउंड एंड रिवर्स गेम में सुनैना दीवान, कलेक्ट द कप्स गेम में वंदना केवट, बैडमिंटन डबल्स (बॉयज) में विवेक एवं सैकत, बैडमिंटन डबल्स (गर्ल्स) ने सोनाली एवं खुशबू सिंह विजयी रहीं। इसके अतिरिक्त बेस्ट रीजनल फूड स्टॉल कंपटीशन में वाणक्कम स्क्वायड (साउथ इंडियन) व वड़ा पाव ग्रुप (मराठी) फूड स्टॉल ने बाजी मारी। प्रतियोगिता के अंत में मुख्य अतिथि, संचालक, संचालिका एवं शिक्षकगण द्वारा सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सुव्यवस्थित रहा तथा दो दिवसीय खेल उत्सव विगत वर्षों की तरह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में संस्था के शिक्षकगण विजय विश्वकर्मा, संदीप भारद्वाज, इलियास खान, शहाबुद्दीन अंसारी, राजेश्वरी, दिलीप कुमार, रीता यादव, निकुंज गोयल एवं वालंटियर्स की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

Related Articles

Back to top button