स्वामी विवेकानंद केवल भारत के ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं – श्याम बिहारी
स्वामी विवेकानंद की जयंती पर शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री

चिरमिरी। एमसीबी जिला के चिरमिरी कोरिया कॉलरी में आयोजित स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह श्रद्धा, आस्था और प्रेरणा के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद के प्रतिमा पर पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधिवत पूजा कर स्वामी विवेकानंद के विचारों को नमन किया, जिसके पश्चात भोग-प्रसाद ग्रहण किया गया।
इस अवसर पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वामी विवेकानंद के जीवन, उनके आदर्शों और युवाओं के लिए दिए गए संदेशों को याद किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा स्वामी विवेकानंद केवल भारत के ही नहीं बल्कि पूरे विश्व के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके विचार, सिद्धांत और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमारी युवा पीढ़ी उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास कर रही है। मंत्री जायसवाल ने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।



