राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शराब दुकान के खुलने पर कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन

मनेंद्रगढ़। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर गांधी चौक, मनेंद्रगढ़ में कांग्रेस जनों द्वारा महात्मा गांधी जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर राष्ट्रपिता के सत्य, अहिंसा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों को स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि जैसे पावन दिवस पर शहर में शराब दुकान का संचालन किए जाने के विरोध में कांग्रेस जनों ने शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक रूप से शराब दुकान के सामने बैठकर “रघुपति राघव राजा राम” भजन गाया तथा भाजपा नेताओं को सद्बुद्धि देने की कामना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक भरतपुर–सोनहत गुलाब कमरों ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं। उनकी पुण्यतिथि जैसे पावन अवसर पर शराब दुकान खुला रहना अत्यंत निंदनीय है और यह भाजपा सरकार की असंवेदनशील सोच को दर्शाता है। गांधी जी के आदर्शों का यह सीधा अपमान है। ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने में विश्वास रखती है। राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर शराब दुकान का संचालन भाजपा की नैतिक दिवालियापन को दर्शाता है। कांग्रेस इस तरह के जनविरोधी निर्णयों का लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करती रहेगी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि गांधी जी के आदर्श आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। ऐसे पवित्र दिवस पर शराब दुकान संचालित करना सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का अपमान है, जिसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी ने कहा कि भाजपा सरकार केवल राजस्व के बारे में सोच रही है, उसे समाज की भावनाओं और संस्कृति से कोई सरोकार नहीं है। राष्ट्रपिता की पुण्यतिथि पर शराब दुकान खोलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गुलाब कमरों, ब्लॉक अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ शहर सौरव मिश्रा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, प्रभा पटेल, पार्षद अनिल प्रजापति, विक्की दत्ता, गीतिका चंदेल सहित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



