रेलवे कालोनी में तीन घरों में हुई चोरी, 50 लाख रुपए के सोने चांदी सहित नगदी लेकर हुए फरार

मनेंद्रगढ़। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ शहर में बुधवार की रात रेलवे कालोनी में एक साथ तीन घरो में चोरी की घटना सामने आई है। जहां एक ओर पुरा परिवार शारदीय नवरात्रि की नवमी की रात में पंडाल में मां दुर्गा की पूजा में लगें हुए थे वहीं चोरों ने मौका देखकर रेलवे अधिकारियों के घरों पर पुरी घटना को अंजाम दिया है जिसमें 50 लाख रुपए के सोने चांदी सहित नगदी लेकर चोर फरार हो गए हैं। मौके पर रेलवे पुलिस और मनेंद्रगढ़ पुलिस पहुंच कर जांच में जुटी हुई है। वही इस घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल फैल गया है और सुरक्षा व्यवस्था पर कई तरह के सवाल खडे हो रहें हैं क्षेत्र वासियों का कहना है कि यहां पर पुलिस के द्वारा नाम मात्र की पेट्रोलिंग की जाती है। चोरों ने गैंगमैन शैलेश चटर्जी, स्टेशन मास्टर प्रेम शाह और एक खाली मकान को अपना निशाना बनाया है। गैंगमैन शैलेश चटर्जी के घर के सामने गेट का ताला तोडकर चोरों ने सबसे ज्यादा सोना चांदी सहित नगदी लेकर पीछे के दरवाजे से फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत कर न्याय की मांग की है। शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस के द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है। चोरी के तरीके से आशंका जताई जा रही है कि इसे किसी संगठित चोरों के गिरोह ने अंजाम दिया है। वही इस घटना के बाद नपाध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, विधायक प्रतिनिधि सरजु यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।



