बैगा गुनिया सम्मेलन का आयोजन, स्वास्थ्य जागरूकता पर दिया गया जोर

एमसीबी। विकासखंड खड़गवां में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे एवं डीपीएम शिशिर जायसवाल के निर्देशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में बैगा गुनिया सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष सिंह, डीएमओ डॉ. नम्रता चक्रवर्ती तथा जिला मलेरिया सलाहकार संजीत सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां महामाया के जयकारे एवं सेवा अर्जी के साथ किया गया। सम्मेलन में विकासखंड खड़गवां के विभिन्न क्षेत्रों से आए सिरहा, गुनिया, बैगा, माता पुजारी एवं पारंपरिक वैद्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों के साथ बीपीएम राजकुमार राजवाड़े, खंड प्रशिक्षण विस्तार अधिकारी शंकर प्रसाद सिंह, आरएमए अलीम अंसारी, मलेरिया टेक्निकल सुपरवाइजर कृपाशंकर यादव, सुपरवाइजर जी.डी. रावत, बलभद्र सिंह, बीसी मीरा साहू, अंजना यादव, एसपीएस कौशल्या सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सम्मेलन में जिला मलेरिया सलाहकार एवं स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, चिकनगुनिया, पीलिया, एचपीवी वैक्सीन, शुगर, सर्पदंश, टीबी तथा अन्य मौसमी बीमारियों की पहचान, रोकथाम और उपचार संबंधी जानकारी दी गई। उपस्थित पारंपरिक वैद्यों को बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने, मच्छरदानी के नियमित उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने, जल जमाव रोकने तथा गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने के लिए लोगों को प्रेरित करने की अपील की गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, एनसीडी कार्यक्रम, एएनसी सेवाओं तथा बीमारी नियंत्रण में पारंपरिक वैद्यों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में सभी सिरहा, गुनिया एवं बैगा प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य जनजातीय समुदायों के सहयोग से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और मलेरिया सहित विभिन्न बीमारियों के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा।



