राष्ट्रीय राजमार्ग की स्ट्रीट लाइटें भी सुरक्षित नहीं, जनता अंधेरे में और सरकार के जिम्मेदार मौन क्यों — सौरव मिश्रा

मनेंद्रगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग के विद्युत खंभों से स्ट्रीट लाइटें गायब होने के मामले को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने भाजपा सरकार और जिम्मेदार विभागों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों ने सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को विकास और सुशासन का सपना दिखा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटें तक सुरक्षित नहीं हैं। बैकुंठपुर से मनेंद्रगढ़ की ओर आने वाले NH पर डिवाइडर की शुरुआत से लेकर नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की सीमा तक बड़ी संख्या में स्ट्रीट लाइटें गायब हैं। रात के समय सड़क का बड़ा हिस्सा अंधेरे में डूबा रहता है और आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है। सौरव मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार को यह जवाब देना चाहिए कि 20 फीट से अधिक ऊंचाई पर लगी स्ट्रीट लाइटें आखिर कैसे गायब हो गईं? इन्हें निकालने के लिए लिफ्टर या बकेट वाहन की आवश्यकता होती है। यदि लाइटें चोरी हुई हैं तो अब तक लिफ्टर वाहन और उन्हें निकालने वाले लोगों की पहचान क्यों नहीं हुई? क्या जिम्मेदार विभाग को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर जानबूझकर आंखें बंद कर ली गईं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ स्ट्रीट लाइट चोरी का मामला नहीं है, बल्कि सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और जनता की जान से जुड़ा गंभीर सवाल है। सरकार के जिम्मेदार अधिकारी यदि राष्ट्रीय राजमार्ग की संपत्ति की निगरानी नहीं कर सकते तो फिर आम जनता की सुरक्षा का दावा किस आधार पर किया जा रहा है। ब्लॉक अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने यह भी सवाल उठाया कि कहीं किसी नगरीय निकाय की अपनी नाकामी छिपाने और अंधेरे में डूबे शहर को रोशनी से जगमग दिखाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग की स्ट्रीट लाइटें तो नहीं हटाई गईं? इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यदि किसी सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस नेता व्यंकटेश सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता की सुरक्षा व्यवस्था लगातार सवालों के घेरे में है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोशनी की व्यवस्था खत्म होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को बयानबाजी के बजाय जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा, व्यंकटेश सिंह, महामंत्री स्नेहिल शुक्ला, रंजन शर्मा, ब्लॉक सचिव अजीत सिंह, शुभम सिंह, यश ताम्रकार, पार्षद इमरान खान, रामगोपाल यादव, संजय यादव, मंडल अध्यक्ष दीपक श्रीवास्तव, आकाश सहित कई अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



