Chhattisgarh

सावन में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने देवघर व बासुकिनाथ में किया जलाभिषेक, मांगी प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि

एमसीबी। सावन के पावन माह में आस्था और भक्ति की मिसाल पेश करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल उठाकर बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचकर भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा की पौराणिक परंपरा का निर्वहन करते हुए मंत्री ने पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सपरिवार पवित्र जल भगवान शिव को अर्पित किया। देवघर में पूजा-अर्चना के पश्चात मंत्री जायसवाल बासुकिनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा बासुकिनाथ का भी जलाभिषेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। पूजा-अर्चना के उपरांत मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि उन्होंने बाबा भोलेनाथ के चरणों में प्रदेश की समस्त जनता के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा कि सावन का यह पावन अवसर आस्था और सेवा भाव को सुदृढ़ करने का प्रतीक है, और बाबा की कृपा से राज्य सदैव विकास और प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।

Related Articles

Back to top button