मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर

परीक्षा अवधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

एमसीबी। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी मुख्य परीक्षा वर्ष 2026 की समय-सारणी जारी की गई है, जिसके अनुसार परीक्षाएं 20 फरवरी 2026 से 18 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को शांत एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण आदेश जारी किया गया है।कलेक्टर डी. राहुल वेंकट ने बताया कि हाल के दिनों में विद्यार्थियों एवं उनके पालकों द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्रों तथा अत्यधिक शोर-शराबे के कारण अध्ययन में बाधा उत्पन्न होने संबंधी शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, 1985 की धारा 5(1)(2), धारा 6 एवं धारा 10(2), ध्वनि प्रदूषण विनियमन एवं नियंत्रण नियम, 2000 तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 152 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, सम्पूर्ण मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 16 फरवरी से 18 मार्च तक की अवधि में अधिनियम की धारा 13(1) में उल्लेखित विशेष अवसरों को छोड़कर, धारा 2 (क), (ख) एवं (ग) के अंतर्गत परिभाषित कोलाहल तथा सभी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें तथा अध्ययन हेतु शांत वातावरण बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। आदेश का उल्लंघन किए जाने पर अधिनियम की धारा 15 के अंतर्गत दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button