6 सूत्रीय मांगों को लेकर 11 दिसम्बर से नगर निगम कर्मचारी रहेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर।

एमसीबी। मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले के चिरमिरी स्थित राजीव गांधी पार्क में नगरपालिका, नगरपंचायत और नगर निगम के कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रदेशभर के कर्मचारी 11 दिसम्बर से रायपुर में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेंगे। इस धरने का उद्देश्य 6 सूत्री मांगों को लेकर दबाव बनाना है। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष पंचू राम साहू ने की जबकि इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव, महामंत्री पदमा राव, मोहम्मद अफजल, जिला मीडिया प्रभारी अनूप वर्मा और अनिल सिंह समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर आगामी हड़ताल की तैयारी को लेकर विचार-विमर्श किया और कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा की दिशा में आंदोलन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।इस बैठक में मुख्य रूप से कर्मचारियों के बकाया वेतन, पेंशन, स्थायी रोजगार और अन्य मांगों पर जोर दिया गया। जिला मीडिया प्रभारी अनूप वर्मा ने बताया कि इस हड़ताल में राज्यभर से नगर निगम कर्मचारियों को समर्थन मिलेगा, और यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक राज्य सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती। बैठक में सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर आंदोलन के लिए अपने समर्थन का ऐलान किया और 11 दिसम्बर को रायपुर में होने वाले धरने में अपनी उपस्थिति दर्ज करने का संकल्प लिया।



