शाम होते ही चनवारीडांड बस्ती में पहुंच रहा भालू ,घरों में घुसकर मचा रहा उत्पात,ग्रामीणों में दहशत

मनेंद्रगढ़ ।जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ शहर लगा हुआ क्षेत्र ग्राम पंचायत चनवारीडांड में इन दिनों भालु का आतंक फैला हुआ है जिसके कारण ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ढाई महीने से रोज शाम को भालू अपने दो बच्चों के साथ भोजन की तलाश में चनवारीडांड की बस्ती में पहुंच रहा है और घरों को अस्त व्यस्त कर रहा है। क्षेत्र में भालू के आने से गांव वाले काफी डरे हुए हैं और शाम सात बजे के बाद घरों से भी निकलने के लिए कतरा रहे हैं। इस मामले को लेकर सरपंच गौरी सिंह ने कलेक्टर से मदद की गुहार लगाई है और कलेक्टर ने ग्रामवासियों को समस्या से निजात दिलाने की बात कही है। इस संबंध में जब मनेंद्रगढ़ के वन परिक्षेत्र अधिकारी रामसागर कुर्रे से बात की गई तो उन्होंने कहा कि भालू अपने दो बच्चों के साथ विचरण कर रहा है जब भालू के बच्चे बड़े हो जाएंगे तब हमारे द्वारा व्यवस्था बनाया जाएगा। वहीं आगे उन्होंने कहा कि घरों में ज्यादा खुशबू वाला समान ना रखें और जैसे ही भालू के आने की सूचना मिले तो अपने आसपास आग जलाकर रखें। अब देखने वाली बात होगी कि ग्रामीणों को कब इस समस्या से निजात मिलती है या ग्रामवासी भय के माहौल में ही जीवन जीने को मजबूर रहेंगे।
इनका कहना है
गांव में आए दिन भालू की समस्या बनी हुई है जहां शाम को सात बजते हैं गांव में भालू का आना शुरू हो जाता है। वनविभाग के द्वारा गांव में बचाव के लिए कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। इसको लेकर कलेक्टर को आवेदन दिए हैं उन्होंने समस्या से निजात दिलाने की बात कही है। गौरी सिंह, सरपंच, ग्राम पंचायत चनवारीडांड



