मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 13 में मतदाताओं को ईवीएम का दिया गया प्रशिक्षण

एमसीबी/ नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के मद्देनजर को देखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन पर नगर पालिका परिषद् मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 13 (विवेकानंद वार्ड) में मास्टर ट्रेनर शिवनाथ यादव ने 33 मतदाताओं को ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) के सही उपयोग के बारे में प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को सुनिश्चित करना था। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर ने मतदाताओं को ईवीएम की कार्यप्रणाली और मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि मतदान के दौरान ईवीएम का सही उपयोग किस प्रकार किया जाता है और इस उपकरण के माध्यम से निष्पक्ष चुनाव कैसे सुनिश्चित किए जा सकते हैं। इसके अलावा मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और उन्हें बिना किसी भ्रम के मतदान करने की प्रेरणा दी गई। इस प्रशिक्षण सत्र में नोडल अधिकारी सहित वार्ड के कई नागरिक उपस्थित थे ।



