पीपरडोल में राजस्व कार्य भगवान भरोसे, फर्द बंटवारा और नक्शा सुधार कार्य के लिए किसान हो रहे परेशान।

संवाददाता रविशंकर कैवर्त मरवाही। जिले के मरवाही तहसील क्षेत्र अन्तर्गत आने वाला एक गांव पीपरडोल, जो कि मुख्य सड़क मार्ग से जुड़े होने के बाद भी यहां के किसान व आम जनमानस अपने कार्यों के लिए परेशान रहते हैं, खासतौर पर राजस्व विभाग के कार्यों को करवाने के लिए किसान, संबंधित पटवारी, राजस्व निरीक्षक कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन अधिकारी हैं कि अपने धुन में ही व्यस्त नजर आते हैं। एक ओर तो शासन प्रशासन किसानों और आमजनों के कार्यों को बिना विलम्ब किए शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दे रहे हैं लेकिन यहां तो तहसीलदार और एसडीएम के द्वारा किसानों के फर्द बंटवारा, नक्शा बटांकन व सुधार करने के लिए लिखित ज्ञापन पटवारी, राजस्व निरीक्षक को जारी करने के बाद भी ये अधिकारी काम ही नहीं कर रहे हैं।अब सवाल ये उठता है कि पटवारी और राजस्व निरीक्षक पर अपने उच्च अधिकारी तहसीलदार व एसडीएम के लिखित आदेश, निर्देश और ज्ञापन का असर पटवारी और राजस्व निरीक्षक पर नहीं हो रहा है या ये अधिकारी अपने आप में ही अलग नियम चला रहे हैं या फिर किसानों का काम करना ही नहीं चाहते हैं क्योंकि उच्च अधिकारियों के द्वारा लिखित रूप में आदेश, निर्देश और ज्ञापन जारी करने के एक महीने बाद व कार्य पूर्ण करने की नियत तिथि के बाद भी पटवारी और राजस्व निरीक्षक सम्बन्धित कार्यों को पूर्ण नहीं करते हैं । जिले के किसानों और आमजनों की समस्या के समाधान के लिए शासन प्रशासन रात दिन काम कर रही है, जिसके लिए सप्ताह के दो दिवस कलेक्ट्रेट में जनदर्शन का भी आयोजन किया जाता है, उच्च अधिकारी तो अपना काम कर रहे हैं, लेकिन इनके द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से आदेश, निर्देश और ज्ञापन देने के बाद भी वो काम नहीं कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि खबर प्रकाशित होने के बाद पटवारी, राजस्व निरीक्षक अपने गहन निंद्रा से जागकर किसानों के अपूर्ण रुके हुए कार्यों को करते हैं या फिर किसानों को अपने काम को करवाने के लिए आगे और संघर्ष करना पड़ेगा ।



