Chhattisgarh

स्वास्थ्य मंत्री की अध्यक्षता में स्वशासी समिति की बैठक सम्पन्न

छत्तीसगढ़। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज डिमरापाल स्थित स्व. बलीराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को मानवीय दृष्टिकोण से कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा को केवल ड्यूटी न समझें, बल्कि सेवा भाव के साथ इस क्षेत्र में अपना योगदान दें। मंत्री जायसवाल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा, “मंत्री और सचिव तो समय-समय पर बदलते रहेंगे, लेकिन आप सभी को जीवन भर इसी क्षेत्र में कार्य करना है। इसलिए ऐसा काम करिए कि लोग वर्षों तक आपको याद रखें।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार के पास संसाधनों और फंड की कोई कमी नहीं है। यदि सभी मिलकर ईमानदारी और समर्पण से कार्य करें, तो आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के शासकीय अस्पताल, निजी संस्थानों को भी पीछे छोड़ सकते हैं और पूरे देश में पहचान बना सकते हैं।स्व. श्री बलीराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, डिमरापाल में आज आयोजित स्वशासी समिति की साधारण सभा की बैठक में कुल 14 करोड़ 46 लाख के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की। इस बैठक में सीजीएमएससी के अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, महापौर संजय पाण्डेय, कमिश्नर डोमन सिंह, कलेक्टर  हरिस एस , मेडिकल कालेज के डीन, अस्पताल अधीक्षक समेत स्वशासी समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय के बुनियादी ढांचे एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को बढ़ाने हेतु कुल 11 करोड़ 94 लाख की राशि स्वीकृत की गई। इस राशि के अंतर्गत लेक्चर थियेटर एवं परीक्षा हॉल के निर्माण के लिए 653.26 लाख तथा इन्डोर बैडमिंटन कोर्ट एवं जिम के निर्माण हेतु 384.34 लाख की स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त एमईटी सेल की स्थापना हेतु 5.00 लाख, मेस के उन्नयन एवं फर्निचर कार्य के लिए 44.37 लाख, छात्रावास के भूतल में पार्टिशन हेतु ₹13.74 लाख तथा बाह्य एवं आंतरिक परीक्षकों को विशेष मानदेय के रूप में 10.00 लाख की मंजूरी प्रदान की गई। विद्युत सब स्टेशन के उन्नयन व नवीनीकरण हेतु 38.43 लाख, छात्रावास भवन में वाटर कूलर की मरम्मत एवं क्रय हेतु 12.00 लाख तथा लेक्चर हॉल और परीक्षा हॉल के उन्नयन के लिए 17.87 लाख की राशि स्वीकृत की गई। इसके अलावा वार्षिक उत्सव कार्यक्रम के आयोजन हेतु 15.00 लाख का प्रावधान भी किया गया। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि स्वीकृत परियोजनाएं न केवल संस्थान की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करेंगी, बल्कि इससे बस्तर अंचल के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी प्राप्त होंगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत कार्यों को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण रूप से पूरा किया जाए, जिससे छात्रों और आमजन दोनों को अधिकतम लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button