मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर

कैंसर से जूझ रहे अरविंद सोनी के ईलाज के लिए कांग्रेस प्रवक्ता ने स्वास्थ्य मंत्री से की 2 लाख रुपये की मदद की अपील

मनेंद्रगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री एवं मनेंद्रगढ़ विधायक श्याम बिहारी जायसवाल को पत्र लिखकर मनेंद्रगढ़ निवासी 45 वर्षीय अरविंद सोनी के उपचार हेतु 2 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। अरविंद सोनी लंबे समय से मुख एवं जबड़े के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनका इलाज रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में चल रहा है, जहाँ उन्हें लगातार कीमोथेरेपी व महंगे उपचार की आवश्यकता है। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाले श्री सोनी का परिवार इलाज के भारी खर्च को वहन करने में असमर्थ है और पूरी तरह टूट चुका है। जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने स्वास्थ्य मंत्री को लिखे पत्र में उल्लेख किया कि अरविंद सोनी पहले भी स्वास्थ्य मंत्री के परिचित रह चुके हैं और उनके घर पर कार्य भी कर चुके हैं। आज जब वे जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे हैं, तब मनेंद्रगढ़ के विधायक और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व है कि वे अपने ही क्षेत्र के गरीब मरीज की मदद करें। उनकी सहायता न केवल आर्थिक मदद होगी, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का प्रमाण भी होगी।उन्होंने मुख्यमंत्री सहायता कोष या स्वास्थ्य विभाग से  दो लाख रुपये की तत्काल आर्थिक मदद की स्वीकृति की मांग की है, ताकि अरविंद सोनी का जीवन बचाया जा सके और उनका परिवार पुनः जीवन की राह पर आगे बढ़ सके।

Related Articles

Back to top button