NHM कर्मचारियों की लड़ाई में कांग्रेस मजबूती से खड़ी, भाजपा सरकार की संवेदनहीनता और स्वास्थ्य मंत्री की घोर नाकामी उजागर

मनेंद्रगढ़। जिले में आंदोलनरत स्वास्थ्य विभाग के एन एच एम (NHM) कर्मचारियों के बीच पहुँचकर एन एस यू आई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, जिला कांग्रेस कमेटी प्रवक्ता सौरव मिश्रा, एन एस यू आई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी ने कर्मचारियों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया और उन्हें कांग्रेस पार्टी की ओर से पूरा समर्थन दिया। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि प्रदेशभर में एनएचएम कर्मचारी अपनी जायज़ माँगों को लेकर हड़ताल और आंदोलन कर रहे हैं। लेकिन जिले के एनएचएम कर्मचारियों ने जिस साहस और मजबूती के साथ अपनी आवाज बुलंद की है, वह पूरे प्रदेश में मिसाल बन गई है। यहाँ के कर्मचारी खुलेआम भाजपा सरकार और स्वास्थ्य मंत्री की नाकामियों को जनता के सामने रख रहे हैं। यह वही विधानसभा क्षेत्र है जहाँ से भाजपा नेता श्याम बिहारी जायसवाल विधायक बने और आज प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री की कुर्सी पर बैठे हैं। लेकिन दुखद और शर्मनाक सच्चाई यह है कि जिस विधानसभा से उन्हें जनता ने चुनकर भेजा, उसी विधानसभा के कर्मचारी आज उनके खिलाफ मजबूर होकर सड़कों पर हैं। अगर भाजपा सरकार में जरा भी संवेदनशीलता होती तो स्वास्थ्य मंत्री खुद अपने क्षेत्र के कर्मचारियों से मिलने आते, उनकी समस्याएँ सुनते और समाधान का प्रयास करते। लेकिन हुआ इसका ठीक उल्टा – न मंत्री खुद आए, न उनका कोई प्रतिनिधि या पीए तक इन आंदोलनरत कर्मचारियों का हालचाल लेने पहुँचा। यह रवैया साफ दिखाता है कि भाजपा नेताओं के लिए सत्ता, कुर्सी और पद ही सब कुछ है। जनता और कर्मचारी उनके लिए कोई मायने नहीं रखते। जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री की यह चुप्पी और बेरुखी सिर्फ उनकी व्यक्तिगत नाकामी नहीं, बल्कि पूरी भाजपा सरकार की असंवेदनशील और अहंकारी राजनीति का आईना है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाली भाजपा, आज कर्मचारियों की जायज़ माँगों पर चुप्पी साधे हुए है। कर्मचारियों को नियमित करने से लेकर वेतन वृद्धि, बीमा सुविधा और कामकाजी माहौल में सुधार तक हर वादा कागज़ों में दबा पड़ा है। कर्मचारी अपने हक़ के लिए सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं और सरकार उन्हें धमकाने, बर्खास्त करने और आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता सौरव मिश्रा का स्पष्ट कहना है कि एनएचएम कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। इनके हड़ताल में जाने से स्वास्थ्य सेवा पूरी तरीके से चरमरा गई है। भाजपा सरकार उनकी पीड़ा को समझने के बजाय उन्हें प्रताड़ित कर रही है। कांग्रेस पार्टी एनएचएम कर्मचारियों की इस लड़ाई में पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ उनके साथ खड़ी है। जब तक उनकी माँगों का समाधान नहीं होता, कांग्रेस लगातार उनकी आवाज़ बुलंद करती रहेगी और भाजपा सरकार की संवेदनहीनता को जनता के सामने लाती रहेगी। यह आंदोलन साबित करता है कि भाजपा नेताओं के लिए जनता और कर्मचारी कभी प्राथमिकता नहीं होते। उन्हें सिर्फ सत्ता का लालच और कुर्सी की चिंता रहती है। जनता के दुख-दर्द, कर्मचारियों की तकलीफ और स्वास्थ्य व्यवस्था का संकट इन सब पर भाजपा सरकार ने आँखें मूंद ली हैं। कांग्रेस पार्टी का संदेश साफ है। एनएचएम कर्मचारियों के संघर्ष में हम उनके साथ हैं और भाजपा सरकार की संवेदनहीनता और वादाखिलाफी अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



