मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर

भाजपा जिला कार्यालय के भूमिपूजन में उमड़ा जनसैलाब, प्रदेश अध्यक्ष सहित कई मंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

एमसीबी। भारतीय जनता पार्टी के नवीन जिला कार्यालय का भव्य भूमिपूजन समारोह आज एफसीआई गोदाम के सामने, चैनपुर मनेंद्रगढ़ में विधि-विधान से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, राज्य सरकार के मंत्री रामविचार नेताम व स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रदेश मंत्री अखिलेश सोनी, विधायक रेणुका सिंह, भरतपुर-सोनहत विधायक तथा जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले सहित भाजपा संगठन के कई वरिष्ठ नेता व हजारों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ और उत्साह देखते ही बनता था। जिलाध्यक्ष चंपा देवी पावले ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आपके मार्गदर्शन में सर्व सुविधायुक्त कार्यालय का निर्माण होगा। यह कार्यालय संगठन की मजबूती का आधार बनेगा। आपके आगमन से एक-एक कार्यकर्ता उत्साहित और ऊर्जावान हुआ है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज के दिन को “ऐतिहासिक” बताते हुए कहा कि भाजपा जिला कार्यालय का यह भूमिपूजन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय भाजपा संगठन के लिए मंदिर की तरह है, जो हजारों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए पार्टी की मजबूती और सेवा भाव को सर्वोपरि बताया। अपने संबोधन में मंत्री रामविचार नेताम ने भावुकता से भाजपा संगठन की यात्रा को याद किया। उन्होंने कहा कि “कोई नहीं सोच सकता था कि इतने बड़े कार्यालय की नींव रखी जाएगी। संगठन ही राजनीति को गति देता है और संगठन के लिए कार्यालय अनिवार्य है। आप सभी की मेहनत और समर्पण से यह 2 एकड़ भूमि उपलब्ध हो सकी है।उन्होंने एक वरिष्ठ कार्यकर्ता को मंच पर बुलाकर स्वास्थ्य मंत्री से उनका सम्मान कराया। साथ ही सरगुजा से कोरिया, सूरजपुर और एमसीबी जिले की संगठनात्मक यात्रा के संघर्षपूर्ण चरणों का स्मरण कराया। उन्होंने कहा कि 90 के दशक में अटल जी के कार्यक्रमों से लेकर आज तक भाजपा कार्यकर्ता सेवा और समर्पण की मिसाल रहे हैं। किसानों, जरूरतमंदों और आमजन तक पहुंचने में भाजपा कार्यकर्ता हमेशा अग्रणी रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह ने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और जिलाध्यक्ष चंपा पावले लगातार कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा कर रहे थे और हर बार यह कहा गया कि आपके आगमन पर यहां कार्यकर्ताओं में अलग ही स्फूर्ति दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि “एमसीबी भाजपा के लिए यह नव निर्माण का दिन है। वर्षों से प्रतीक्षित कार्यालय आज आकार ले रहा है। भाजपा जहां भी कार्यालय की नींव रखती है, वहां प्रदेश नेतृत्व उसे समय पर पूर्ण कर कार्यकर्ताओं को समर्पित करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन देश के मानचित्र पर 11 वर्षों से अपनी मजबूत पहचान बनाए हुए है। संख्या में 4, 5, 7 से बढ़ते हुए आज भाजपा करोड़ों कार्यकर्ताओं का विशाल परिवार बन गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने के सिद्धांत पर कार्य करती है। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण (BLA1-BLA2) अभियान में कार्यकर्ताओं की मेहनत का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं ने मोहल्लों और गांवों में जाकर पूरी सजगता से काम किया है। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों का भाजपा पदाधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर स्वागत किया गया तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को साल और श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button