मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर

कांग्रेस के दबाव और जनआक्रोश के आगे झुकी कंपनी, दी 3 लाख की सहायता राशि

मनेंद्रगढ़। ग्राम परसगढ़ी में डी वी प्रोजेक्ट के वाहन से हुई भीषण दुर्घटना में ग्राम पंचायत बंजी निवासी स्वर्गीय राजभान सिंह की दर्दनाक मृत्यु के बाद पूरे क्षेत्र में शोक के साथ भारी आक्रोश फैल गया। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार एवं ग्रामीणों ने न्याय और उचित मुआवजे की मांग को लेकर मृतक का अंतिम संस्कार रोक दिया, जिससे स्थिति अत्यंत संवेदनशील बन गई। सुबह लगभग सात बजे से ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा बंजी में मृतक के घर पर डटे रहे और लगातार परिजनों एवं ग्रामीणों के साथ खड़े होकर उनकी मांगों को मजबूती से उठाते रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति और कांग्रेस नेतृत्व के सतत दबाव के चलते शासन-प्रशासन हरकत में आया। लगातार बढ़ते जनआक्रोश और राजनीतिक दबाव के बाद करीब तीन घंटे की प्रतीक्षा के पश्चात कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। सौरव मिश्रा के नेतृत्व में कंपनी प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत वार्ता हुई, जिसमें पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, इंश्योरेंस क्लेम की त्वरित प्रक्रिया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग प्रमुखता से रखी गई। ग्रामीणों के तीव्र आक्रोश और कांग्रेस नेताओं के दबाव के आगे अंततः कंपनी प्रबंधन को झुकना पड़ा और ग्रामवासियों की उपस्थिति में मृतक के पिता धन सिंह तीन लाख रुपए की नगद सहायता राशि तत्काल प्रदान की गई। साथ ही कंपनी प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि इंश्योरेंस क्लेम प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराकर पीड़ित परिवार को जल्द ही बड़ी राहत राशि दिलाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि रविवार को घटना के बाद से ही कांग्रेस नेताओं ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरों के नेतृत्व में विधायक प्रत्याशी रमेश सिंह, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, जिला महामंत्री रफीक मेमन, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ ग्रामीण रामनरेश पटेल एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा थाने पहुंचे थे। जहां उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग जोरदार तरीके से उठाई थी। पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि यह केवल प्रारंभिक सहायता है, वास्तविक न्याय तब होगा जब दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी और पीड़ित परिवार को पूर्ण मुआवजा मिलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने लापरवाही बरती तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही पीड़ित परिवार के साथ खड़ी हैं और यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक परिवार को पूर्ण न्याय और सम्मानजनक मुआवजा नहीं मिल जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान क्षेत्र में भारी जनसमूह मौजूद रहा, जिससे प्रशासन पर लगातार दबाव बना रहा। मौके पर बंजी सरपंच एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष देव कुमार सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महामंत्री खोनेश्वर प्रसाद, महामंत्री स्नेहिल शुक्ला, प्रेम सिंह, उमेंद्र सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार के समर्थन में आवाज बुलंद की। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई सिर्फ एक परिवार की नहीं बल्कि न्याय और जवाबदेही की लड़ाई है, और जब तक पूरी न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button