धान खरीदी में अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस का विरोध

खड़गवां। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेस जनों एवं किसानों ने खड़गवां तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा, जिसमें धान खरीदी प्रक्रिया में हो रही गंभीर अनियमितताओं और किसानों के साथ किए जा रहे अन्याय पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया। जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव के साथ तहसील पहुंचे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि खड़गवां ब्लॉक में गिरदावली के नाम पर किसानों के साथ खुला धोखा किया जा रहा है। जिन किसानों ने मोटा धान लगाया है, उनकी फसलों को बासमती के रूप में दर्ज किया गया है, जबकि कई किसानों की धान की फसल को पशु चारा बताकर अंकित कर दिया गया है। जब किसान इस संबंध में सुधार हेतु आवेदन लेकर तहसील कार्यालय जा रहे हैं, तो उनके आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे। इसके अतिरिक्त, वन भूमि एवं राजस्व भूमि के वैध पट्टों पर खरीदी पोर्टल को बंद कर दिया गया है, जिसके कारण किसान पंजीयन नहीं करा पा रहे हैं। जबकि इन्हीं पट्टों पर किसान पूर्व में धान विक्रय कर चुके हैं। अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि “भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियां अब खुलकर सामने आ रही हैं। अन्नदाता को योजनाबद्ध रूप से परेशान किया जा रहा है। यह सरकार किसानों के अधिकारों का हनन कर रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेस ने प्रशासन को धान खरीदी व्यवस्था में सुधार के लिए 6 दिवस की समयसीमा प्रदान की है। यदि इस अवधि में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। कांग्रेस पार्टी जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि भाजपा सरकार की जनविरोधी और किसान विरोधी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष जिले भर में तेज़ किया जाएगा।



