नन्हे कदमों में देशप्रेम का जज़्बा: लिटिल मिलेनियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

मनेंद्रगढ़। लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल में 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के डायरेक्टर मो. फिरोज मंसूरी एवं रुहीन मंसूरी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात डायरेक्टर ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी।राष्ट्रगान के बाद मुख्य सांस्कृतिक मंच कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसका कुशल एवं प्रभावी संचालन लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल की कोऑर्डिनेटर निशी विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान लिटिल मिलेनियम प्री स्कूल की सीएलओ (CLO) स्मृति गुप्ता ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रेरणादायक भाषण दिया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए बच्चों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के विकास पर बल दिया। समारोह में सबसे नन्हे प्ले ग्रुप के बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों जैसे महात्मा गांधी, चाचा नेहरू आदि की वेशभूषा धारण कर मनमोहक रैंप वॉक किया, जिसने सभी का दिल जीत लिया। नर्सरी, केजी-1, केजी-2 के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने तिरंगे के रंग में रंगकर देशभक्ति गीतों पर ऊर्जा और मासूमियत से भरपूर शानदार नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों के सधे हुए तालमेल, चुलबुले अंदाज़ और चेहरे के सुंदर भावों ने पूरे माहौल में देशभक्ति का ऐसा रंग घोला कि दर्शक दीर्घा में मौजूद शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक तालियां बजाने पर मजबूर हो गए। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों के बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया और मिष्ठान वितरण के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ। स्वतंत्रता दिवस के इस पूरे गरिमामय और भव्य आयोजन की सफलता का श्रेय स्कूल के डायरेक्टर्स के कुशल मार्गदर्शन को जाता है। स्कूल के पूरे शिक्षक और स्टाफ टीम के अथक परिश्रम, समर्पण और बेहतरीन टीम वर्क की बदौलत ही यह पूरा कार्यक्रम अत्यंत व्यवस्थित, भव्य और यादगार बन सका।



