अलास्का कंप्यूटर सेंटर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन

मनेंद्रगढ़। स्थानीय अलास्का कंप्यूटर सेंटर में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को न्यायिक प्रक्रियाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम मे व्यवहार न्यायालय मनेंद्रगढ़ से माननीय अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति यशवंत वासनीकर तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लोकेश कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के संचालक मो. फिरोज मंसूरी एवं वरिष्ठ शिक्षक विजय विश्वकर्मा ने अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ करके की। न्यायाधीशों ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। संबोधन में लोकेश कुमार ने न्यायालयीन प्रक्रियाओं और न्याय से जुड़ी बुनियादी जानकारियाँ साझा कीं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में मध्यस्थता एवं सुलह परियोजना समिति के माध्यम से जन-जन तक कानूनी सहायता पहुँचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि NALSA का प्रथम और प्रमुख उद्देश्य “न्याय सबके लिए” है तथा इस प्रकार के शिविर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। इसके पश्चात यशवंत वासनिकर ने विद्यार्थियों को नालसा की उपयोगिता को विस्तार समझाया। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविर आम लोगों को उनकी कानूनी समस्याओं के समाधान में किस प्रकार सहायक हो सकते हैं । साथ ही उन्होंने प्रत्येक तीन माह पर आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी गहन जानकारी दी, जिसमें आपसी सहमति से मामलों का निपटारा किया जा सकता है। शिविर में मौजूद सभी विद्यार्थियों ने इस अवसर का भरपूर लाभ उठाया और विभिन्न न्यायिक प्रक्रियाओं से अवगत हुए। कार्यक्रम का संचालन थाना मनेन्द्रगढ़ के अधिकार मित्र अजय विश्वकर्मा ने कुशलतापूर्वक किया। संस्था प्रशासन ने इस शिविर के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।



