सौरव मिश्रा बने मनेंद्रगढ़ शहर ब्लॉक अध्यक्ष पूर्व में छात्र राजनीति से लेकर जिला प्रवक्ता तक निभा चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ

मनेंद्रगढ़। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से संगठन द्वारा सौरव मिश्रा को मनेंद्रगढ़ शहर का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर कांग्रेसजनों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।सौरव मिश्रा का संगठनात्मक सफर निरंतर सक्रियता और जिम्मेदारियों से भरा रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) से करते हुए भोपाल में कॉलेज अध्यक्ष के रूप में कार्य किया, जहाँ उन्होंने छात्र हितों की आवाज़ को मजबूती से उठाया।इसके पश्चात वे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ में ब्लॉक प्रवक्ता रहे और संगठन की नीतियों व विचारधारा को आम जनता तक पहुँचाने का कार्य किया। आगे चलकर उन्होंने असंगठित कामगार कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्ष के रूप में श्रमिक वर्ग के अधिकारों के लिए सक्रिय भूमिका निभाई।साथ ही वे युवा कांग्रेस के अंतर्गत जवाहर बाल मंच के जिला संयोजक भी रहे, जहाँ बच्चों एवं किशोर वर्ग को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी संगठनात्मक क्षमता, निष्ठा एवं कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें पूर्व में कोरिया जिले का जिला कांग्रेस प्रवक्ता नियुक्त किया गया था। इस दौरान उन्हें पूरे प्रदेश में सबसे कम उम्र का जिला प्रवक्ता बनने का गौरव प्राप्त हुआ।
इसके पश्चात वे जिला कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़– चिरमिरी– भरतपुर में जिला प्रवक्ता एवं कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक निभा रहे थे।अब संगठन ने उनके अनुभव और समर्पण को ध्यान में रखते हुए उन्हें मनेंद्रगढ़ शहर का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया है।इस नियुक्ति के बाद सौरव मिश्रा ने कहा— “मैं इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश एवं जिला नेतृत्व तथा समस्त वरिष्ठ कांग्रेसजनों का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करता हूँ। संगठन ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का मैं हर संभव प्रयास करूँगा। आम जन की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करते हुए कांग्रेस पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना तथा पार्टी की विचारधारा को हर वर्ग तक पहुँचाना ही मेरा संकल्प है।”



