बच्ची को लेने स्कूल पहुंची थी मां, सड़क हादसे ने छीन ली जिंदगी

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के झगराखांड रोड में सोमवार की दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, महिला अपनी बच्ची को लेने स्कूल पहुंची थी बताया जा रहा है कि अचानक वैन की टक्कर से महिला सड़क पर गिर गई। उसी समय सामने से आ रही बिजली विभाग की गाड़ी का पिछला पहिया महिला के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से महिला को 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह पुरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गौरतलब है कि खेड़िया तिराहे से कॉलेज तक अक्सर वाहनों का लंबा जाम लगा रहता है। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस हादसे ने एक बार फिर शहर की यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।



