बंजी धान उपार्जन केन्द्र में अब तक 423 किवंटल धान की हुई खरीदी
किसानों को धान खरीदी होने से मिल रहा लाभ।

मनेंद्रगढ़। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के अंतर्गत आने वाले बंजी धान उपार्जन केन्द्र में अभी तक 423 क्विंटल धान खरीदी हुई हैं।इस समिति में 30 हजार मैट्रिक क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। धान खरीदी प्रारंभ होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। उल्लेखनीय है की छत्तीसगढ़ सरकार ने 14 नवंबर से प्रदेश में धान खरीदी करने की शुरुआत कर दी है। किसानों ने धान बेचने के लिए आनलाइन एवं आफलाइन के माध्यम से टोकन लेना प्रारंभ कर दिया है। बंजी धान उपार्जन केन्द्र में अब तक लगभग 15 से अधिक किसानों ने टोकन ले लिया है और किसान अपना धान लेकर समिति पहुंच रहे हैं। किसानों का कहना है कि शासन द्वारा 3100 रुपये की दर से 21 क्विंटल धान खरीदी होने से किसानों को बड़ा संबल मिला है।

सरकार द्वारा किसानों के हित में व्यवस्थाएं की गई है, जिसके माध्यम से किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए बेहतर टोकन की व्यवस्था की गई है। किसान आनलाइन माध्यम से या फिर मैनुअली तरीके से टोकन प्राप्त कर सकते हैं। मोबाइल धारक किसान टोकन तुहर हाथ ऐप से घर बैठे आनलाइन टोकन हासिल कर सकते हैं।
धान उपार्जन केन्द्र में व्यवस्था की गई
बंजी धान उपार्जन केन्द्र में धान की गुणवत्ता और नमी की सही मात्रा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किया गया है। धान में नमी को मापने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मशीन लगाई गई है। धान खरीदी केन्द्रों में गुणवत्ता की जांच का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। बंजी धान उपार्जन केन्द्र में धान को नमी से बचाने के लिए तिरपाल लगाए जा रहे हैं और धान रखने के लिए नीचे डैमेज लगाए गये हैं।
किसानो के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
धान उपार्जन केन्द्रों में शिकायत एवं निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 18002333663 जारी किया गया है। किसान इसके माध्यम से धान बेचने के लिए किसी भी प्रकार की समस्या आने पर इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।



