मनेंद्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर

GST सुधार का उत्सव नहीं, मोदी सरकार की नाकामी का स्वीकार है – कांग्रेस

मनेंद्रगढ़। कांग्रेस जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि मोदी सरकार की “GST सुधार यात्रा” और “उत्सव” दरअसल एक ढोंग है। उन्होंने कहा कि असलियत यह है कि सरकार आठ साल बाद वही कर रही है, जिसकी चेतावनी कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहले दिन से दी थी। कांग्रेस प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने बताया कि राहुल गांधी ने 2017 में ही कहा था कि GST अधूरी तैयारी वाला टैक्स है, जिसे जल्दबाज़ी और अयोग्यता में लागू किया गया। उन्होंने चेताया था कि यह गरीबों और छोटे व्यापारियों पर डाका साबित होगा। उस समय भाजपा ने उनकी बातों का मज़ाक उड़ाया, लेकिन परिणाम यह हुआ कि लाखों छोटे व्यापारी बर्बाद हो गए, MSME क्षेत्र तबाह हो गया और आम जनता लगातार आर्थिक बोझ तले पिसती रही। जिला प्रवक्ता ने कहा कि अब जब मोदी सरकार मजबूरी में GST की अधिकतम दर 18% करने और प्रक्रियाओं को आसान बनाने की घोषणा कर रही है, तो यह दरअसल राहुल गांधी की दूरदर्शिता और उनकी बातों पर मुहर है। सवाल यह है कि अगर यही करना था तो आठ साल तक व्यापारियों और जनता का शोषण क्यों किया गया? क्यों गब्बर सिंह टैक्स के नाम पर जनता को लूटा गया। सौरव मिश्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा सुधार को “उत्सव” बताकर देश को गुमराह कर रही है। सच्चाई यह है कि भाजपा सरकार ने आठ साल तक व्यापारियों की पीठ पर करों का डंडा बरसाया और अब उन्हीं सुधारों को लागू करने पर मजबूर हुई, जिनकी वकालत राहुल गांधी लगातार करते आ रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सुधार का जश्न मनाने से पहले देश से माफी माँगनी चाहिए। यह माफी केवल व्यापारियों से ही नहीं बल्कि पूरे देश की जनता से होनी चाहिए, जिसने भाजपा की नाकाम आर्थिक नीतियों की वजह से रोज़गार, रोज़ी-रोटी और व्यापार खोया। जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा व्यापारियों और आम जनता की आवाज़ बनकर खड़ी रही है और आगे भी रहेगी। भाजपा सरकार की यह तथाकथित सुधार यात्रा उनकी नाकामी का प्रमाण है और यह जीत उन व्यापारियों और आम लोगों की है, जिनकी आवाज़ राहुल गांधी ने वर्षों तक संसद और सड़कों पर उठाई।

Related Articles

Back to top button