Chhattisgarh

जनदर्शन में गूंजा शांति नगर का पेयजल संकट, ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत चौघड़ा के शांति नगर के ग्रामीणों ने जनदर्शन में पहुंचकर पेयजल और बिजली बिल की समस्या को लेकर कलेक्टर से शिकायत की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सार्वजनिक उपयोग के लिए लगाए गए बोरवेल का पानी अब पीने योग्य नहीं रह गया है। पानी से दुर्गंध आने के कारण लोगों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि बोरवेल में लगा बिजली मीटर पंचायत सचिव के नाम पर दर्ज है, लेकिन बिजली बिल का भुगतान पंचायत द्वारा नहीं किया जा रहा है। पंचायत फंड नहीं होने का हवाला दे रहा है जिसके कारण ग्रामीण आपसी सहयोग कर राशि एकत्र करके बिजली बिल जमा करने को मजबुर है। ग्रामीणों का दावा है कि अब तक वे आपसी सहयोग से लगभग 25 हजार रुपये बिजली बिल के रूप में जमा कर चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार सरपंच को शिकायत की गई, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। परेशान होकर उन्होंने जनदर्शन में कलेक्टर से मांग की है कि बोरवेल के पानी की जांच कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा बिजली बिल के भुगतान की स्थायी व्यवस्था पंचायत के माध्यम से सुनिश्चित की जाए।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि यह दूसरी बार है जब वे जनदर्शन में शिकायत लेकर पहुंचे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। अब ग्रामीणों को प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button